Sunday, October 18, 2026

वेश्या कुंवारी - पिछले प्रभाव से

यह 'हैबियस कॉर्पस केस के पच्चास साल: आपातकाल, सर्वोच्च न्याययालय और संविधान'श्रंखला की चौथी चिट्ठी है।  इस चिट्ठी में, सुप्रीम कोर्ट में, बहस शुरू होने से पहले सीके दफ्तरी के घर हुई बैठक की चर्चा है।


 

हैबियस कॉर्पस केस के पच्चास साल: आपातकाल, सर्वोच्च न्याययालय और संविधान

मैं इस केस में भागीदार कैसे हिस्सा बना।। न्यायालय के सामने क्या सवाल थे।। बहस के पहले - बेंच में बदलाव।। वेश्या कुंवारी - पिछले प्रभाव से।। ।। 

सुप्रीम कोर्ट में अपील पर सुनवाई से एक दिन पहले, नज़रबंद लोगों के वकीलों ने रणनीति बनाने के लिए सीके दफ्तरी के घर पर मुलाकात की। मैं भी उस बैठक में मौजूद था। इस बात पर चर्चा हुई कि बहस की कमान किसे संभालनी चाहिए।

वीएम तारकुंडे बहस का नेतृत्व करना चाहते थे, क्योंकि उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में सफलतापूर्वक दलीलें पेश की थीं। लेकिन उन्होंने बेंच बदलने के लिए सीजेआई (CJI) से मिलने में हिचकिचाहट दिखाई थी। राम जेठमलानी (देखें अंत टिप्पणी-१) ने यह तय किया कि शांति भूषण बहस का नेतृत्व करेंगे।

बैठक के आखिर में, राम जेठमलानी ने बम्बई लोगों के बीच चल रहा एक ताज़ा चुटकुला सुनाया। उन्होंने कहा,

"टिम्बकटू (Timbaktoo) के सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि एक वेश्या भी 'पिछले प्रभाव' (retrospective effect) से कुंवारी हो सकती है।"
शांति भूषण ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा, "और सरकार ने तो यह भी कह दिया है कि इससे 'मूल ढांचे' (basic structure) में कोई बदलाव नहीं आता!"

बैठक का माहौल काफी उत्साहपूर्ण था। सवाल मुश्किल था, लेकिन ऐसा कोई तरीका नहीं था जिससे सर्वोच्च न्यायालय हमारे खिलाफ फैसला दे सके। हैबियस कॉर्पस की पोषनीयता (maintainability) पर, सारे उच्च न्यायालयों ने हमारे पक्ष में ही फैसला दिया था।

लेकिन भविष्य के बारे में कौन बता सकता है? अल्बर्ट आइंस्टीन से माफ़ी के साथ 'ईश्वर, पासा खेलता है।'

अंत टिप्पणी-१: राम जेठमलानी ने, केरल में, आंतरिक आपातकाल लागू करने के खिलाफ सरकार के विरोध में एक भाषण दिया था। नानी पालकीवाला के नेतृत्व में लगभग २५० वकीलों ने उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में एक रिट याचिका (WP) दायर की और स्थगन आदेश (रोक का आदेश) हासिल कर लिया था। 'हेबियस कॉर्पस' मामले में फैसला आने के बाद, जेठमलानी को एहसास हुआ कि अब स्थगन आदेश रद्द हो जाएगा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसलिए, वे देश छोड़कर विदेश चले गए और वहीं से ही आपातकाल के खिलाफ अपना अभियान जारी रखा।

अगली चिट्ठी में, हम उस सवाल के बारे में बात करेंगे, जिसने अदालत में छाई खामोशी को तोड़ा था। 

 #HindiBlogging #ADMJabalpurVersusShivkantShuklz #TheHabeasCorpusCase #VKSChaudhary #VirendraBhaiSaheb #Dadda #VirendraKumarSinghChaudhary #InternalEmergency #Emergency   



No comments:

Post a Comment

आपके विचारों का स्वागत है।